युवा कांग्रेस शहर ब्लॉक अध्यक्ष प्रत्याशी अदनान मेमन को इंस्टाग्राम पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस अधीक्षक से की शिकायत

कोरबा। कोरबा में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के माहौल के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती कोरबा निवासी एवं युवा कांग्रेस के कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अदनान मेमन (पिता: अशरफ मेमन) को सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए दी गई धमकी

अदनान मेमन द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर किए गए एक पोस्ट में सोहन चंद्रवंशी (इंस्टाग्राम आईडी: 4oong.7) नामक व्यक्ति द्वारा रायपुर में गोली मारने जैसी धमकी भरी टिप्पणी (कमेंट/पोस्ट) की गई है।
संगठन चुनाव और रायपुर प्रवास से जुड़ा मामला

अदनान मेमन वर्तमान में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों व कार्यक्रमों के सिलसिले में उनका अक्सर रायपुर आना-जाना बना रहता है। पीड़ित का कहना है कि इसी बात को ध्यान में रखते हुए आरोपी द्वारा उन्हें रायपुर प्रवास के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक से कड़ी कार्रवाई की मांग

किसी भी अप्रिय घटना से बचने और सुरक्षा के मद्देनज़र, अदनान मेमन ने कोरबा पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी इंस्टाग्राम आईडी की निष्पक्ष जांच करने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ धमकी भरे इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट और आरोपी की प्रोफाइल की छायाप्रति भी पुलिस को सौंपी गई है।









