बिलासपुर में सजा प्रतिभाओं का मंच: बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी ने पेंड्रा की रूबी विलियम को ‘बेस्ट ब्यूटी बिजनेस अवॉर्ड’ से किया सम्मानित


बिलासपुर। न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित “एजुकेशन आर्टिस्ट एक्सपो एंड बिजनेस ब्यूटी अवॉर्ड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन बिलासपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री मंदाकिनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजन का उद्देश्य ब्यूटी एजुकेशन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें नई पहचान प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की रूबी विलियम को ब्यूटी इंडस्ट्री में उनके उल्लेखनीय कार्य और योगदान के लिए “बेस्ट ब्यूटी बिजनेस अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अभिनेत्री मंदाकिनी ने अपने हाथों से प्रदान किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद रूबी विलियम ने न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और भविष्य में उन्हें अपने क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
अपने संबोधन में अभिनेत्री मंदाकिनी ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में सम्मान समारोह के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में पेंड्रा, सक्ती और रायपुर में भी इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे, ताकि शिक्षा, कौशल विकास और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा सके।
यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का मंच बना, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी उभरकर सामने आया!









