कोटमी गोलीकांड: सराफा व्यापारी की हत्या से फूटा जनआक्रोश, पेंड्रा बंद; GPM में हाई अलर्ट, आईजी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
भरे बाजार में लूट के बाद व्यापारी को मारी गोली, आरोपियों की तलाश में कई जिलों की पुलिस अलर्ट

कोटमी गोलीकांड: सराफा व्यापारी की हत्या से फूटा जनआक्रोश, पूरे पेंड्रा में बंद; आरोपियों की तलाश में कई जिलों की पुलिस जुटी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी गांव में मंगलवार शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान हुई सराफा व्यापारी की हत्या से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। पल्सर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी से सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने साफ तौर पर कहा था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। घटना के विरोध में बुधवार को पेंड्रा पूरी तरह बंद रहा और व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया।
हालांकि देर शाम प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बन गई, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की और पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
इधर, बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जिलों की पुलिस और विशेष टीमें लगाई गई हैं। साइबर सेल, टेक्निकल इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। आईजी ने बताया कि पड़ोसी राज्यों और सीमावर्ती जिलों में भी सख्त नाकेबंदी कराई गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बाइट – रामगोपाल गर्ग, आईजी बिलासपुर रेंज









