गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष-सदस्य चयन पर उठे सवाल, सर्व बैगा समाज ने उठाई पारदर्शी प्रक्रिया की मांग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। सर्व बैगा समाज, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की ओर से सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को लिखित आवेदन सौंपकर चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा बैगा समाज के प्रमुखों और प्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अध्यक्ष एवं सदस्यों का चयन किए जाने की मांग की गई है।
जनपद पंचायत के माध्यम से नाम मांगकर चयन का दावा

सर्व बैगा समाज के जिला अध्यक्ष प्रेम लाल बैगा द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि जिले में बैगा विकास अभिकरण का चयन जनपद पंचायत के माध्यम से नाम मांगकर किया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अभिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन को लेकर जिले के बैगा समाज के प्रमुखों से अपेक्षित चर्चा नहीं की गई।


बलदेव के नाम पर भी आपत्ति
आवेदन में सोशल मीडिया में प्रचलित सूची का हवाला देते हुए बलदेव पिता बृजमोहन , मरवाही के नाम का उल्लेख सदस्य के रूप में किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। सर्व बैगा समाज का कहना है कि उक्त व्यक्ति उनके बैगा समाज से संबंधित नहीं है और इसलिए उसके चयन की प्रक्रिया तथा पात्रता को लेकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। समाज ने मांग की है कि यदि चयन नियमों के विपरीत हुआ है तो संबंधित नाम को बैगा विकास अभिकरण के सदस्य पद से बाहर किया जाए।

“समाज के प्रमुखों से चर्चा के बाद हो चयन”
आवेदन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन से पहले बैगा समाज के सदस्यों, प्रमुखों एवं मुखियाओं से नामों को लेकर चर्चा की जाए, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं सर्वमान्य हो सके। समाज ने कहा है कि बैगा विकास अभिकरण सीधे तौर पर बैगा समुदाय के विकास और हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए इसके प्रतिनिधियों का चयन समाज की वास्तविक भागीदारी और नियमों के अनुरूप होना चाहिए।
कलेक्टर को भी दी गई प्रतिलिपि
सर्व बैगा समाज के जिला अध्यक्ष प्रेम लाल बैगा के हस्ताक्षर से सौंपे गए आवेदन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को भी दी गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आदिवासी विकास विभाग इस शिकायत पर क्या जांच करता है और बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन की प्रक्रिया को लेकर क्या स्थिति स्पष्ट की जाती है।
समाज ने मांग की है कि चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अस्पष्टता न रहे और बैगा समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए योग्य एवं समाज की सहमति वाले प्रतिनिधियों को ही अभिकरण में स्थान दिया जाए।









