गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : ठाड़पथरा में दो दिवसीय मानसून ट्रैक का सफल आयोजन, प्रकृति और लोकसंस्कृति से रूबरू हुए प्रतिभागी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला प्रशासन एवं बनमनई इकोकेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मड हाउस ठाड़पथरा में दो दिवसीय एवं एक रात्रि मानसून ट्रैक का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और ठाड़पथरा की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता एवं स्थानीय लोक संस्कृति को करीब से अनुभव किया।


मानसून के खुशनुमा मौसम के बीच आयोजित इस ट्रैकिंग कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को प्रकृति के बीच रोमांचकारी अनुभव प्रदान करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति जागरूक किया। ट्रैक के दौरान प्रतिभागियों ने क्षेत्र के प्राकृतिक परिवेश, हरियाली और जैव विविधता का आनंद लिया तथा स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से भी परिचित हुए।


आयोजन का उद्देश्य ठाड़पथरा की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना और क्षेत्र में प्राकृतिक पर्यटन एवं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना रहा। दो दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से ठाड़पथरा को प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर पर्यटन के लिए एक संभावनाशील स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में सकारात्मक पहल का संदेश भी सामने आया।


#ChhattisgarhCMO #DPRChhattisgarh #GPM #Thadpathra #EcoTourism #MonsoonTrack









