हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया गणतंत्र दिवस, नवचेतना इंग्लिश मीडियम स्कूल कोटमी कला में दिखा संस्कार, सुरक्षा और शिक्षा का अद्भुत संगम

कोटमी कला। नवचेतना इंग्लिश मीडियम स्कूल, कोटमी कला में गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सुरक्षा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुआ। स्कूल संचालक लीजो जॉन, उनके भाई सिजो जॉन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपस्थिति में तिरंगे को सलामी दी गई। इसके पश्चात राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के सामूहिक गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ महतारी को नमन किया गया।


अतिथियों का बैंड की धुनों के साथ हुआ स्वागत

मंचीय कार्यक्रम के लिए कोटमी कला के सरपंच भंवर सिंह आर्मो सहित गणमान्य नागरिकों को विद्यालय के बच्चों ने स्कूल बैंड की प्रस्तुति के साथ सम्मानपूर्वक मंचासीन कराया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि भंवर सिंह आर्मो ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
शिक्षा के साथ सुरक्षा और संस्कार भी जरूरी : लीजो जॉन

स्कूल संचालक लीजो जॉन ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके भीतर संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का भाव भी विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उन्हें जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत है।
छत्तीसगढ़ी गीत और झांकी ने मोहा मन
मुख्य अतिथि भंवर सिंह आर्मो ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता और गणतंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से देश, समाज और धर्म के प्रति जागरूक रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी को समर्पित गीत और आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं सेना की वर्दी में बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विद्यार्थियों ने मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों, अतिथियों और विद्यालय स्टाफ को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने बच्चों का उत्साह और बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। साथ ही बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों को पारंपरिक रूप से बूंदी एवं सेव का वितरण किया गया।
स्टाफ और सहयोगियों के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्कूल संचालक लीजो जॉन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्कूल स्टाफ, वाहन चालक स्टाफ, कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्ड का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के पश्चात स्कूल संचालक ने अपने समस्त स्टाफ के साथ भोजन कर आपसी सौहार्द और पारिवारिक वातावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मीडिया कवरेज में सहयोग के लिए रतन केसरवानी एवं शुभम गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया गया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश जायसवाल के प्रति भी विद्यालय प्रबंधन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समूचा आयोजन शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ संपन्न हुआ।









