गरीब आदिवासियों पर कार्रवाई, तस्करों को संरक्षण?” पेंड्रा पहुंचे दीपक बैज का मरवाही वन मंडल को लेकर सरकार पर बड़ा हमला…देखे वीडियो
बड़े तस्करों, रसूखदारों और अधिकारियों को संरक्षण

“गरीब आदिवासियों पर कार्रवाई, तस्करों को संरक्षण?” पेंड्रा पहुंचे दीपक बैज का मरवाही वन मंडल को लेकर सरकार पर बड़ा हमला…देखे वीडियो
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा पहुंचे छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मरवाही वन मंडल में चल रही कार्रवाई और कथित अवैध कटाई को लेकर प्रदेश सरकार और वन विभाग पर बड़ा हमला बोला है। बैज ने आरोप लगाया कि वन विभाग गरीब, शोषित और आदिवासी परिवारों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि बड़े तस्करों, रसूखदारों और अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

मीडिया से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि मरवाही वन मंडल में अवैध पेड़ कटाई लगातार जारी है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ गरीब और आदिवासी परिवारों पर हो रही है। बेजा कब्जा हटाने और बाउंड्री तोड़ने के नाम पर गरीबों के घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन को कार्रवाई के लिए सिर्फ गरीब और आदिवासी ही नजर आते हैं, जबकि बड़े लोगों और प्रभावशाली लोगों पर कार्रवाई करने में अधिकारियों के हाथ-पांव फूल जाते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में बड़े उद्योगपतियों को जंगल सौंपे जा रहे हैं और भाजपा नेताओं के संरक्षण में अवैध कटाई का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सूरजपुर में जंगलों की कटाई जोरों पर है, लेकिन सरकार और जिम्मेदार मंत्री इस पर गंभीर नहीं हैं।

दीपक बैज ने वन मंत्री और मुख्यमंत्री से क्षेत्र का दौरा कर जमीनी हकीकत देखने की मांग की। उन्होंने कहा कि वन विभाग गरीब, शोषित और वनवासियों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी दिखाना चाहता है, जबकि असली दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही।
बैज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब, आदिवासी और वनवासियों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।










