नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार,आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

पेंड्रा में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में भेजा गया जेल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना पेंड्रा में नाबालिग छात्रा के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना पेंड्रा पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज कराया तथा मेडिकल परीक्षण कराया। विवेचना और मेडिकल परीक्षण के आधार पर नाबालिग से दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत प्रकरण में धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी अमित शर्मा (34 वर्ष), निवासी रामनगर, जिला मैहर (मध्य प्रदेश) को 22 जुलाई 2026 की रात 9:40 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय पेंड्रारोड में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।










