गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: बच्चों की जान जोखिम में! जर्जर स्कूल भवन हटाने की मांग अनसुनी, SMC और ग्राम पंचायत ने उठाई आवाज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। विकासखंड गौरेला के ग्राम पंचायत केवची स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के वर्षों पुराने जर्जर भवन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) एवं ग्राम पंचायत द्वारा 25 जून 2026 को जर्जर भवन को डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने का प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजा गया था,
लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन कई वर्षों से खस्ताहाल स्थिति में है। दीवारों में दरारें, उखड़ता प्लास्टर और कमजोर छत के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा भवन को हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
SMC की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जर्जर भवन को तत्काल हटाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों और पालकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवन को तत्काल डिस्मेंटल कराया जाए और परिसर को सुरक्षित बनाया जाए।
मुख्य बिंदु :-

25 जून 2026 को जर्जर भवन हटाने का प्रस्ताव पारित। SMC और ग्राम पंचायत ने विभाग को भेजा था प्रस्ताव। एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता। प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग।










