KORBA: जेल से चुनाव लड़ेगा मुश्ताक, अक्षय गर्ग हत्याकांड का मुख्य आरोपी बना प्रत्याशी
चुनावी रंजिश में हुई थी भाजपा नेता अक्षय गर्ग की जघन्य हत्या

चुनावी रंजिश में हुई थी भाजपा नेता अक्षय गर्ग की जघन्य हत्या
Korba। नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में रिक्त पदों पर हो रहे उपचुनाव के बीच जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा का बिंझरा क्षेत्र इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है। वजह है भाजपा नेता और पूर्व जनपद सदस्य Akshay Garg की हत्या के मुख्य आरोपी Mushtaq Ahmad का जेल से चुनाव मैदान में उतरना।

सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन बिलासपुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध मुश्ताक अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच पोड़ी उपरोड़ा कार्यालय लाया गया, जहां उसने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले उसके पिता ने नामांकन फार्म खरीदा था। नामांकन दाखिल होने के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बिंझरा जनपद क्षेत्र में अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं, लेकिन सबसे अधिक चर्चा मुश्ताक के चुनाव लड़ने को लेकर हो रही है। हत्या जैसे गंभीर मामले में जेल में बंद आरोपी का चुनाव मैदान में उतरना स्थानीय राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है।

राजनीतिक रंजिश बनी हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता Akshay Garg की हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश को मुख्य कारण माना गया था। बताया जाता है कि पूर्व चुनाव में मुश्ताक अहमद, अक्षय गर्ग से चुनाव हार गया था। हार के बाद क्षेत्र में उसकी राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ने लगी थी, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा था।

23 दिसंबर 2025 की सुबह ग्राम केशलपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब सड़क निर्माण कार्य की साइट देखने पहुंचे अक्षय गर्ग पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे जिले को हिला दिया था।
पुलिस जांच में बाद में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे गहरी राजनीतिक रंजिश थी और मामले में मुख्य आरोपी के रूप में Mushtaq Ahmad का नाम सामने आया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद है, लेकिन अब जेल से चुनाव लड़ने के फैसले ने क्षेत्र की राजनीति को और गरमा दिया है।









