छत्तीसगढ़ में नई तकनीक व कौशल विकास का नया अध्याय, 500 करोड़ रुपये से बदलेगी राज्य की डिजिटल तस्वीर : भाजपा
भाजपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय जनता पार्टी जिला गौरेला-पेंड्रा- मरवाही (जीपीएम) के जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को दी गई ऐतिहासिक मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के विकास, सुशासन, नई तकनीक, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
श्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने डिजिटल विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कीं, जबकि भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारकर परिणाम देने का कार्य कर रही है।

जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया यह मिशन आगामी पांच वर्षों तक संचालित होगा, जिस पर 500 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस मिशन का उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित प्रदेश के दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि गांवों में रहने वाले युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी आधुनिक तकनीक का समान अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि मिशन के अंतर्गत प्रदेश में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित की जाएंगी, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे तथा 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 6 लाख विद्यार्थियों एवं 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी!

श्री यादव ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के युवाओं को भी नई तकनीक सीखने, डिजिटल कौशल विकसित करने, स्टार्टअप स्थापित करने तथा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह मिशन ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी देश और दुनिया की आधुनिक तकनीक से जोड़ने का कार्य करेगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस वर्षों तक तकनीकी विकास और कंप्यूटरीकरण की बातें करती रही, लेकिन अपने लंबे शासनकाल में इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं कर सकी। भाजपा सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता देते हुए यह साबित कर दिया है कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और प्रभावी क्रियान्वयन से होता है।
जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू किया गया यह मिशन छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी डिजिटल राज्यों में स्थापित करेगा तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित पूरे प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।








