KORBA BREAK: ‘तथाकथित नेता’ हसन अली जेल दाखिल, अक्षय गर्ग हत्याकांड में गवाह को धमकाने का आरोप
अब नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की शिकायत की भी चर्चा

कोरबा/कटघोरा। भाजपा के वरिष्ठ नेता कटघोरा के कारखाना मोहल्ला निवासी व ठेकेदार अक्षय गर्ग हत्याकांड में गवाह को कथित रूप से धमकाने के मामले में हसन अली को पसान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर कटघोरा उप जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जमानत आवेदन खारिज होने की जानकारी सामने आई है। हसन अली को क्षेत्र में ‘तथाकथित नेता’ के रूप में बताया जाता रहा है, हालांकि वह भाजपा का अधिकृत पदाधिकारी है या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित पार्टी स्तर से किया जाना बाकी है।
हत्याकांड के आरोपियों के पक्ष में सक्रिय होने का आरोप

पुलिस के अनुसार अक्षय गर्ग हत्याकांड से जुड़े एक गवाह के परिवार को गवाही नहीं देने के लिए कथित तौर पर धमकाया जा रहा था। जुलाई माह में ग्राम लोकड़हा निवासी एक गवाह ने पसान थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि काले रंग की कार से एक व्यक्ति गांव पहुंचा और गवाह के माता-पिता के बारे में पूछताछ करने के बाद हत्याकांड में गवाही देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद पसान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 232(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पहचान परेड में हसन अली की पहचान

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही आरोपी बीच-बीच में कटघोरा स्थित अपने घर आता है। 16 अगस्त को उसके घर आने की सूचना मिलने के बाद पसान पुलिस ने कटघोरा पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया।
इसके बाद पोड़ी-उपरोड़ा के अनुविभागीय दंडाधिकारी के निर्देश पर कार्यपालिक दंडाधिकारी पसान के समक्ष पहचान परेड कराई गई। पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष ने अन्य लोगों के बीच से हसन अली की पहचान करते हुए उसे धमकी देने वाला व्यक्ति बताया।

इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर कटघोरा उप जेल भेज दिया गया।
अब नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की शिकायत की भी चर्चा
हसन अली से जुड़ा एक अन्य मामला भी पेंड्रा और पसान परिक्षेत्र में चर्चा में है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार नौकरी लगाने के नाम पर कथित ठगी किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। इस मामले में शिकायत किए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि इस पर पुलिस कार्रवाई अभी लंबित बताई जा रही है।
यदि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद पुष्टि होती है, तो हसन अली से जुड़े मामलों की संख्या और गंभीरता दोनों बढ़ सकती हैं। फिलहाल इस शिकायत में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।
अक्षय गर्ग हत्याकांड के बाद बढ़ी पुलिस की सक्रियता
गौरतलब है कि ठेकेदार अक्षय गर्ग की ग्राम कटोरीनगोई स्थित ठेका साइट पर हत्या हुई थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब इसी प्रकरण में गवाह को धमकी देने के आरोप में हसन अली की गिरफ्तारी ने कटघोरा और पसान क्षेत्र में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
हालांकि नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की शिकायत और गवाह को धमकी देने के आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया एवं पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।







