उत्कृष्ट सेवा का मिला सम्मान, आरक्षक राहुल बघेल हुए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

मिथलेश आयम, पसान/कोरबा : जिले में सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर सीसीटीएनएस कार्यों, लंबित प्रकरणों और विभिन्न मॉड्यूलों में डाटा एंट्री की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि पूरी तरह सही, त्रुटिरहित और समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से अपराध अनुसंधान अधिक प्रभावी होता है तथा न्यायालयीन प्रक्रिया और अपराध संबंधी अभिलेखों की विश्वसनीयता भी मजबूत होती है। बैठक में Form Entry, MedLEaPR, VCNB, e-Sakshya, Final Report, Malkhana Entry, e-Sign FIR एवं Charge Sheet सहित अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूलों की समीक्षा की गई। सभी लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने और प्रत्येक एंट्री में प्रार्थी, आरोपी एवं पीड़ित के नाम, पिता/पति का नाम, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। बैठक का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब रहा जब उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाले सीसीटीएनएस कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पसान थाना में पदस्थ आरक्षक राहुल बघेल को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और इससे जिले में सीसीटीएनएस कार्यों की गुणवत्ता और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।










