गौरेला-पेंड्रा-मरवाही -सधवानी स्कूल में डीईओ का औचक निरीक्षण, एक भी छात्र नहीं मिला उपस्थित; प्रधानाध्यापक को नोटिस
निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, अनुपस्थित शिक्षकों पर भी कार्रवाई के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ रजनीश तिवारी ने सधवानी स्थित शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिडिल स्कूल सधवानी में जो स्थिति सामने आई, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया।
डीईओ के निरीक्षण के समय विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। बच्चों की शून्य उपस्थिति पर डीईओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक को जमकर फटकार लगाई और उनके खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी उल्लास साक्षरता समीक्षा बैठक के बाद सीधे मिडिल स्कूल सधवानी पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्र उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया। इस दौरान विद्यालय में छात्रों की अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही के रूप में सामने आई।
इसके बाद डीईओ ने हाई स्कूल सधवानी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के खिलाफ भी शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीईओ ने विद्यालय में पाठ्यपुस्तकों की बुक स्कैनिंग और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी और शैक्षणिक कार्यों में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










