ktg news : कटघोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई – अवैध शराब पर सख्ती, नेशनल हाईवे स्थित कंचन ढाबा सील.
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को दी सख्त चेतावनी

कोरबा/कटघोरा 26 अप्रेल 2026 : कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर संचालित कंचन ढाबा को सील कर दिया है। यह कार्रवाई तानाखार क्षेत्र में की गई, जहां ढाबे में अवैध शराब खोरी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।


जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही पुलिस ने इसी ढाबे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की थी और ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बावजूद ढाबा संचालकों द्वारा पुलिस प्रशासन के सख्त निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते आज यह कड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग के निर्देश पर कटघोरा पुलिस की मौजूदगी में भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह ने ढाबे में ताला लगाकर उसे सील किया। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया।


कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि किसी भी ढाबे में शराब बेचने या पिलाने की शिकायत मिलती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आज की इस सीलिंग कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की अहम भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।










