छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल: डॉ. संतोष देवांगन बने गौरेला पेंड्रा मरवाही कलेक्टर, लीना कमलेश मंडावी को नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक कसावट और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में राज्य प्रशासन में अहम फेरबदल किया गया है। इस क्रम में कई आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के अनुसार, डॉ. संतोष कुमार देवांगन (2013 बैच), जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, लीना कमलेश मंडावी (2016 बैच) को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अस्थायी रूप से प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पद पर पदस्थ किया गया है।

डॉ. देवांगन का प्रशासनिक क्षेत्र में लंबा और विविधतापूर्ण अनुभव रहा है। वे पूर्व में राज्य निर्वाचन आयोग एवं महाधिवक्ता कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे कई जिलों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं। महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, बिलासपुर, बस्तर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों में डिप्टी कलेक्टर, अपर कलेक्टर ज्वाइंट कलेक्टर और साथ ही एसडीएम के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कसावट और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों अधिकारियों के अनुभव को देखते हुए संबंधित विभागों और जिलों में कार्यों की गति और गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। बताया गया है कि ये सभी नियुक्तियां अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।










