KORBA ACTION: रेत माफियाओं पर प्रशासन का ‘महाअभियान’… ताबड़तोड़ छापों से जिलेभर में हड़कंप
प्रशासन सख्त, आगे भी जारी रहेगा अभियान,

कोरबा, 20 मार्च 2026। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने आज पूरे जिले में समन्वित अभियान चलाकर माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। अलग-अलग अनुविभागों में एक साथ हुई कार्रवाई ने रेत कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मचा दी।
इस विशेष अभियान में राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर कई स्थानों पर अवैध गतिविधियों को पकड़ा और बड़ी संख्या में वाहन जप्त किए।

चिचोली में एक साथ दबिश, कई वाहन पकड़े गए
चिचोली क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा। मौके पर ही प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

घाटों पर नजर, मशीनों पर भी कार्रवाई
बरबसपुर और बरीडीह घाट क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते मशीनों और वाहनों पर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर उत्खनन कार्य को तत्काल रुकवाया।

पाली क्षेत्र में लगातार निगरानी
पाली अनुविभाग में प्रशासन की सक्रियता के चलते अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई वाहन कार्रवाई की जद में आए।
कटघोरा, दीपका और दर्री में संयुक्त छापेमारी
इन क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाकर अलग-अलग टीमों ने दबिश दी, जिससे अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
पोड़ी-उपरोड़ा में भी सख्ती
पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध रेत कारोबार से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की।
प्रशासन सख्त, आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी। आने वाले समय में और भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।









