KTG news : कटघोरा थाना में छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण: पुलिस कार्यप्रणाली से हुए रूबरू, सुरक्षा और कानून की मिली अहम जानकारी.
सुरक्षा, कानून और जिम्मेदार नागरिक बनने की मिली सीख

कोरबा/कटघोरा 17 मार्च 2026 : कोरबा जिला के कटघोरा से एक सकारात्मक और जागरूकता से जुड़ी पहल सामने आई है, जहां स्कूली छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कटघोरा थाना में विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु मंदिर और आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने थाना परिसर का दौरा किया। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने सरल और समझने योग्य भाषा में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।


भ्रमण के दौरान छात्रों को पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों के बारे में बताया गया और एफआईआर दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस किस तरह कार्रवाई करती है। विद्यार्थियों ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों जैसे बंदीगृह, कंट्रोल रूम और शहर में लगे सीसीटीवी नेटवर्क का अवलोकन किया, जिससे उन्हें आधुनिक पुलिसिंग सिस्टम की बेहतर समझ मिली।


कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया। उन्हें मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया। यह शैक्षणिक पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रही, बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।










