कटघोरा: पसान वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर शिकार कांड! डिप्टी रेंजर ने खोली लेन-देन की पोल, वायरल वीडियो से वन विभाग में हड़कंप
वीडियो में डिप्टी रेंजर लैंगा उषा सोनवानी

KORBA: कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर शिकार मामले से जुड़ा एक कथित स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल हो रहे वीडियो में डिप्टी रेंजर लैंगा उषा सोनवानी कथित तौर पर यह बताते हुए सुनाई दे रही हैं कि शिकारियों से वन रक्षक द्वारा पैसे लिए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि यदि शिकारियों से लेन-देन हुआ था, तो संबंधित वन रक्षक पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इतना ही नहीं, संबंधित कर्मचारी आज भी उसी बीट में पदस्थ बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कुछ माह पहले पसान रेंज में जंगली सुअर के शिकार का मामला सामने आया था। उस समय वन विभाग ने कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन अब वायरल वीडियो ने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि पूरे मामले में विभागीय स्तर पर संरक्षण मिला, जिसके चलते कार्रवाई दबाकर रखी गई। वहीं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच हो तो कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन कर्मचारियों पर है, यदि उन्हीं के खिलाफ शिकारियों से लेन-देन की बातें सामने आएंगी तो वन्यजीवों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है। हैरानी की बात यह है कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद भी वन विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। विभाग की चुप्पी अब लोगों के बीच संदेह को और गहरा कर रही है।

अब पूरे मामले में सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वन विभाग वायरल वीडियो में सामने आई बातों को लेकर क्या कदम उठाता है और मामले की जांच किस स्तर पर कराई जाती है।
नोट : लल्लनगुरु न्यूज़ वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।










