GPM/कोरबा/पसान : दहेज प्रताड़ना से तंग महिला ने कलेक्टर और एसपी से लगाई न्याय की गुहार, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
पति, सास और ससुर के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना, मारपीट एवं घरेलू हिंसा के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पीड़िता मानमती यादव ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
शिकायत के अनुसार मानमती यादव का विवाह 13 फरवरी 2022 को ग्राम कुम्हारीसानी निवासी रमेश यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के दौरान उसके माता-पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नगद राशि, मोटरसाइकिल, फ्रीज, कूलर, टीवी, मोबाइल फोन सहित अन्य घरेलू सामान दहेज स्वरूप दिया था। इसके बावजूद विवाह के कुछ माह बाद से ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त रूप से 50 हजार रुपये नगद अथवा मालवाहक वाहन की मांग की जाने लगी।

महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति, सास और ससुर द्वारा लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। पति द्वारा शराब के नशे में गाली-गलौच और मारपीट की घटनाएं आम हो गई थीं। कई बार उसे भोजन तक नहीं दिया गया, जिससे परेशान होकर वह मायके लौटने को मजबूर हुई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2024 में पति ने कथित रूप से दहेज में मिले सामान को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया और फोन पर कहा कि अपना दहेज का सामान वापस ले जाओ तथा दोबारा ससुराल मत आना। इसके बाद भी परिवार और समाज के लोगों की समझाइश पर वह कई बार ससुराल लौटती रही, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसने महिला थाना पेंड्रारोड में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर समझौता कराया गया था। हालांकि समझौते के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं आया। आरोप है कि पति ने मायके पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास भी किया, जिसके बाद डायल-112 की सहायता लेनी पड़ी।
महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 19 मई 2026 को ससुराल पहुंचने के बाद पुनः उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। इससे तंग आकर उसने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर पति, सास और ससुर के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना, मारपीट एवं घरेलू हिंसा के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस द्वारा शिकायत की जांच की जा रही है। मामले में जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं पीड़िता ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।









