फेसबुक पर सोनिया गाँधी के ऊपर टिप्पणी मामले मे भाजपा मंडल महामंत्री हेमराज सिंह राठौर दोष मुक्त
सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर दर्ज केस में मिला क्लीन चिट

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। फेसबुक पर सोनिया गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के मामले में भाजपा मंडल महामंत्री हेमराज सिंह राठौर को न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने सुनवाई के बाद उन्हें आरोपों से दोषमुक्त कर दिया। यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रकरण न्यायालय तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की दलीलें और प्रस्तुत साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि प्रस्तुत साक्ष्य आरोप सिद्ध करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। साथ ही, टिप्पणी के आपराधिक आशय को भी स्पष्ट रूप से प्रमाणित नहीं किया जा सका। इसी आधार पर न्यायालय ने हेमराज सिंह राठौर को दोषमुक्त करार दिया।

राजनीतिक माहौल गरमाया- फैसले के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्णय का स्वागत करते हुए इसे न्याय की जीत बताया है, वहीं विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने फैसले पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल, अदालत के इस फैसले के बाद मामले पर कानूनी रूप से विराम लग गया है।











